Showing posts with label पनीर की रेसिपी. Show all posts
Showing posts with label पनीर की रेसिपी. Show all posts

Monday, December 31, 2012

नव वर्ष पर बनाईये कुछ खास

                           पनीर की कचौरी : ( 4-5 व्यक्तियों के लिए )




कचोरी
सामाग्री :- 100 ग्राम पनीर , दो मँझोली कटोरी गेहूं का आटा , एक टेबल स्पून मक्के का आटा , एक गुच्छी हरी धनिया , हरी मिर्च , छोटा टुकड़ा अदरख ,एक चुटकी दालचीनी पावडर , एक चुटकी जावित्री और जायफल का पावडर , एक चुटकी बेकिंग पावडर , नमक स्वादानुसार , एक कटोरी तेल , खट्टी मीठी चटनी ।

सामाग्री मीठी चटनी के लिए :-  एक छोटी कटोरी इमली का रस ,दो बड़े चम्मच कुटा हुआ गुड , एक टी स्पून काला नमक , एक टी स्पून सोंठ , एक टी स्पून कश्मीरी लाल मिर्च , एक पका केला , थोड़ी सी किशमिश ।

सामाग्री खट्टी चटनी के लिए :- एक गुच्छी हरा धनिया , चार पाँच हरी मिर्च , एक टुकड़ा अदरख , दो कली लहसुन , एक टेबल स्पून नींबू का रस (यहाँ इमली का रस भी प्रयोग किया जा सकता है) काला नमक और सफ़ेद नमक स्वाद के अनुसार ।

 बनाने की विधि :- सबसे पहले हम खट्टी मीठी चटनी बनाएँगे । इससे पहले भी मै चटनी की रेसिपी लिख चुकी हूँ ।  

मीठी चटनी बनाने के लिए :- एक  फ्राइंग पैन मे इमली का रस गुड और आधा गिलास पानी डाल कर गैस पर चढ़ा दें । जब गुड़ पिघल जाए और गाढ़ा होने लगे तब इसके अंदर नमक , सोंठ और कश्मीरी मिर्च डाल कर चलाते रहें  । आंच बंद कर दें और किशमिश  तथा  केले के टुकड़े काट कर डाल दें । हो गई मीठी चटनी तैयार ।

खट्टी चटनी बनाने के लिए :-  धनिया को धोकर काट लें , हरी मिर्च काट लें , अदरख के छोटे टुकड़े कर दें , नमक के साथ सारी सामग्री मिक्सी के जार मे डालें नमक डालें पीस ले । हो गई खट्टी चटपटी चटनी तैयार ।


अब हम बनाएँगे पनीर कचोरी :- सबसे पहले गेहूं का आटा और मकके का आटा लें इसमे नमक , एक टेबल स्पून तेल , एक चुटकी बेकिंग पावडर मिला कर मसल लें और हल्के गरम पानी के साथ नरम गूँथ लें । पनीर मसल लें इसमें हरा धनिया , हरी मिर्च , अदरख बारीक काट कर डाल दें । नमक , जावित्री और दालचीनी का पावडर भी मिला दे। हल्के हाथ से मिला कर अलग रख दें । आटे की छोटी छोटी गोलियां बना लें इसके अंदर पनीर भर कर गोलियां तैयार कर लें । कड़ाही में तेल डाले गरम होने दें , गोलियों को जरा सा तेल लगा कर हलके हाथ से बेल लें । गरम तेल में डाल कर सुनहरा होने तक तलें । गरमागरम कुरकुरी कचौरियाँ चटनी के साथ सर्व करें ।
 यकीन मानिए इस नव वर्ष पर जब आप अपनों को ये कचौरियाँ सर्व करेंगे तो वे एक और कहे बिना न रह पाएंगे ।